अयोध्या में दो दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव में केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार होंगे मुख्य अतिथि

एक छत के नीचे देश के सभी राज्यों के लोग करेंगे रक्तदान

बलराम मौर्या

अयोध्या  l  प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में आगामी 21 सितम्बर से दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का रक्तदान महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के सभी राज्यों व उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के रक्तवीर ब्लड डोनेट भी करेंगे और इस मौक़े पर रक्तदान के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए देश की 201 संस्थाओं को राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान से सम्मानित भी किया जायेगा l सिंगरा मऊ स्टेट जौनपुर की महारानी व प्रख्यात समाजसेविका डॉ अंजू सिंह के संरक्षकत्व में यह समारोह आयोजित होंगे!  राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन व मेजर ध्यान चंद खेल उत्थान समिति के सयुंक्त तत्वावधान में होने वाले इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में नागालैंड व केरल के पूर्व राज्यपाल श्री निखिल कुमार व विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलम्पिक में पदक दिलाने वाले भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान श्री अशोक ध्यान चंद जी उपस्थित रहेंगे l उक्त आयोजन को लेकर संस्था की एक आवश्यक बैठक अधिवक्ता श्वेता राज सिंह के आवास पर हुई, जिसकी अध्यक्षता सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इण्डिया के पूर्व प्रबंधक राम बहल जी  ने किया व संचालन उद्यमी प्रतीक कुमार वैश्य ने किया l ब्लड मैन के नाम से चर्चित संस्था अध्यक्ष आकाश गुप्त ने कहा कि हमारे देश में आज भी खून के अभाव में प्रतिदिन हजारों लोगों की मौत होती है। रक्तदान के क्षेत्र में जागरूकता लाने के उद्देश्य से यह महोत्सव किया जा रहा है, जिसमें देश के 28 राज्य व प्रदेश के सभी 75 जिले के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। अन्नपूर्णा रसोई के प्रबंधक राजेश चौबे ने बताया कि अतिथियों के क्रम में मेयर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधयाक अभय सिंह, पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय सहित अन्य प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जायेगा।  वरिष्ठ अधिवक्ता श्वेता राज सिंह ने कहा कि खून का कोई विकल्प नहीं है और इस आयोजन से देश में रक्त क्रांति लाने में अहम भूमिका होगी तथा देश में खून के अभाव में किसी का मौत न हो यही संस्था का संकल्प है। बैठक में कई उप समितियों का गठन करके जिम्मेदारियां लोगों को सौंप दी गयी और संरक्षक मण्डल में ट्रान्सजेंडर श्याम प्रिया, शिक्षाविद अमरनाथ तिवारी व समाजसेविका तनूजा दूबे व सह संरक्षक अन्नपूर्णा रसोई के अध्यक्ष मुन्ना गुप्ता व वृद्ध सेवक अमरेश चंद मिश्र को मनोनीत किया गया। इस मौके पर रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजीव रंजन, इनर व्हील क्लब मैत्री की पूर्व अध्यक्ष रत्ना जायसवाल, आरोही एक उड़ान की अध्यक्ष पल्लवी वर्मा, अधिवक्ता प्रदीप गुप्ता, आशीष कौर, श्यामा शर्मा, विजय वर्मा, इंद्र प्रीत सिंह व आकाश सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए।

टिप्पणियाँ