भोलानाथ कुशवाहा का हाइकु कविता संग्रह 'टूटी लहर' प्रकाशित

अब तक रचनात्मक साहित्य की आठ पुस्तकें प्रकाशित

Anand Kumar Singh 

मिर्जापुर। जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा का हाइकु कविता संग्रह 'टूटी लहर' प्रकाशित होकर आ गया है। यह उनकी रचनात्मक साहित्य लेखन की आठवीं पुस्तक है।इसे हिंदी श्री पब्लिकेशन संत रविदास नगर,भदोही ने प्रकाशित किया है। 

इस पुस्तक में आज के समसामयिक कई विभिन्न ज्वलंत मुद्दे उठाए गये हैं। इसकी भूमिका वरिष्ठ साहित्यकार, पूर्व संपादक व उपनिदेशक, सूचना विभाग, लखनऊ डॉ सुरेश उजाला एवं वरिषठ कवि व आलोचक अरविंद अवस्थी ने लिखी है।

नगर के बाँकेलाल टंडन की गली, वासलीगंज निवासी 72 वर्षीय भोलानाथ कुशवाहा के इससे पूर्व चार कविता संग्रह- कब लौटेगा नदी के उस पार गया आदमी(सन् 2007), जीना चाहता हूँ (सन् 2008), इतिहास बन गया (सन् 2010), वह समय था (सन् 2019) में सीरियल नाटक 'ईशा' (सन् 2020) में, कहानी संग्रह 'लोक डाउन' (सन् 2021) में एवं दोहा संग्रह 'जन-मन' (सन् 2022) में प्रकाशित हो चुके हैं।

मिर्जापुर जनपद के सदर तहसील स्थित राजपुर ग्राम में जन्में श्री कुशवाहा की जन्मतिथि 7 जुलाई 1950 है। उनकी साहित्यिक निर्मिति दो शहरों प्रयागराज (इलाहाबाद) व मिर्जापुर की है।

उन्होंने साहित्य की कई विधाओं जैसे-कविता, गीत, नवगीत, मुक्तक, दोहा, हाइकु, शेर, गजल, नाटक, कहानी, लघुकथा आदि में लेखन किया है।

श्री कुशवाहा की रचनाएँ हिंदी की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। उनकी कविताएँ आकाशवाणी के वाराणसी, इलाहाबाद, बरेली व दिल्ली केन्द्रों से प्रकाशित हो चुकी हैं। 

उनकी कविताओं का प्रसारण दूरदर्शन के वाराणसी व इलाहाबाद केंद्रों से हो चुका है। उन्होंने कई  प्रमुख साहित्यिक मंचों पर देश के मानिंद रचनाकारों के साथ काव्य पाठ किया है। 

उनमें हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग, हिंदुस्तानी एकेडेमी इलाहाबाद, उत्तर मध्य सांस्कृतिक केन्द्र इलाहाबाद, नेहरू युवा केन्द्र आदि प्रमुख हैं।

अनवरत साहित्य लेखन के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान लखनऊ का मोहन राकेश सर्जना पुरस्कार, साहित्यिक संघ वाराणसी का 'सेवक साहित्यश्री' सम्मान, जयपुर का राजेंद्र बोहरा स्मृति काव्य पुरस्कार,वर्ड लिटरेरी फार पीस एण्ड ह्यूमन राइट्स का 'नेशनल अम्बेडर आफ पीस', विश्व हिंदी संस्थान कनाडा का 'सार्वभौमिक साहित्यकार' सम्मान समेत अनेक सम्मान मिलते रहे हैं।

श्री भोलानाथ कुशवाहा के हाइकु कविता संग्रह 'टूटी लहर' के प्रकाशन पर जनपद के अनेक रचनाकारों ने उन्हें बधाई दी है। जिनमें प्रमुख हैं सर्वश्री अनुज प्रताप सिंह, डॉ रेनू रानी सिंह, डॉ वंदना मिश्रा, वृजदेव पांडेय, प्रमोद कुमार सुमन, आनंद संधिदूत, गणेश गंभीर, लल्लू तिवारी, अरविंद अवस्थी, डॉ रमाशंकर शुक्ल, शुभम श्रीवास्तव ओम, डॉ अनुराधा ओस, जफर मिर्जापुरी, लालव्रत सिंह सुगम, केदारनाथ सविता, आनंद अमित, मुहिब मिर्जापुरी, नंदिनी वर्मा, हसन जौनपुरी, खुर्शीद भारती, भानु कुमार मुंतजिर, इम्तियाज अहमद गुमनाम, इरफान कुरैशी, अनिल यादव आदि।

टिप्पणियाँ