चौबीस घंटे में दो बार बदला गया जिलाधिकारी आवास का बोर्ड बना चर्चा का विषय

 



पहले भगवा से हरा किया, फिर किया गया भगवा लाल।




अयोध्या। यूपी में चुनाव के नतीजे तो 10 मार्च को आएंगे, पर यहां सरकारी  आवास के बोर्ड के बदलते रंगों से सियासी चर्चा गर्मा गई है। अयोध्या के डीएम आवास के बोर्ड ने 24 घंटे में तीन रंग देख लिए। पहले से यह बोर्ड भगवा रंग का लगा था, जिसे बुधवार को बदलकर हरा कर दिया गया। इसके बाद हलचल मच गई थी। अयोध्या के साधु-संतों ने इस पर नाराजगी जताई। तरह-तरह की चर्चाएं एवं फोटो वायरल हो गया इसके बाद देर रात इसका रंग बदल कर लाल भगवा कर दिया गया। अब यह लाल भगवा रंग का है। संयोग की बात है कि   बोर्ड में लगा रंग और विपक्षी दल सपा की टोपी का रंग भी लाल है जिसको लेकर लोगों में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में डीएम अयोध्या का अस्थायी आवास है। अचानक डीएम आवास के बोर्ड का रंग हरा होने को लेकर कुछ लोग सत्ता में बदलाव की आहट से जोड़कर देख रहें है। दरअसल जिलाधिकारी का अस्थाई आवास जब यहां बना तभी डीएम आवास के बोर्ड का रंग भगवा किया गया था।जिसे पी डब्लू डी विभाग द्वारा लगाया गया था। हरे रंग का बोर्ड लगाने को लेकर सियासत में कई मायने निकाले जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह अयोध्या के अधिकारियों की बेचैनी का सबूत है। लोगों का तो यहां तक कहना है कि कई अधिकारी भी सियासत के मौसम वैज्ञानिक होते हैं।अयोध्या के डीएम आवास का बोर्ड भगवा से हरा हुआ तो लोग इसे सत्ता बदलने की राजनीति से जोड़कर देखने लगे। लेकिन दूसरे ही दिन बोर्ड का रंग बदल दिया गया।

टिप्पणियाँ