राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में दिलाई पार्टी की सदस्यता

पूर्व विधायक डा. धर्मपाल सिंह व बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रहे कुंवर चंद वकील हुए समाजवादी

संजय गोस्वामी

आगरा । आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से विधायक रहे डा. धर्मपाल सिंह ने लखनऊ में सपा की सदस्यता लेकर घर वापसी कर ली है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने सपा का दामन थामा। पूर्व सांसद राज बब्बर के साथ ही उन्होंने वर्ष 2006 में सपा छोड़ दी थी। डा. धर्मपाल सिंह एक बार फिर अपने समर्थकों के साथ साइकिल पर सवार हुए हैं। आगरा लोकसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके कुंवर चंद वकील भी सपा में शामिल हो गए हैं।

डा. धर्मपाल सिंह इससे पहले भी सपा में रहे हैं। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व सांसद राज बब्बर ने जब सपा छोड़कर जनमोर्चा का गठन किया था, तब डा. धर्मपाल सिंह भी उनके साथ सपा छोड़कर जनमोर्चा में आ गए थे। इसी जनमोर्चा के बैनर तले वह वर्ष 2007 में पहली बार दयालबाग विधानसभा क्षेत्र (वर्तमान आगरा ग्रामीण) से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वह बसपा में शामिल हो गए थे। वर्ष 2012 में दयालबाग विधानसभा क्षेत्र खत्म होने के बाद एत्मादपुर सीट से वह बसपा के विधायक चुने गए। वर्ष 2017 की मोदी लहर में वह चुनाव हार गए थे।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान वह फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर के साथ आ गए थे। राज बब्बर के चुनाव हारने के बाद से डा. धर्मपाल सिंह किसी भी राजनीति पार्टी में सक्रिय नहीं थे। डा. धर्मपाल सिंह का कहना है कि सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने सपा का दामन थामा है।

टिप्पणियाँ