बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

तांगा-रिक्शा चलाकर कांग्रेसियों ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का किया विरोध, पुलिस ने कलेक्ट्रेट जाने से रोका

संजय गोस्वामी

आगरा।  खाद्य पदार्थों, घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल व डीजल मूल्य में वृद्धि से बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बाेला। तांगा और रिक्शा चलाकर उन्होंने विरोध जताया। कांग्रेस नेता प्रदर्शन के लिए प्रतापपुरा चौराहा पर एकत्र हुए। उन्हें प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट तक जाना था, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। कांग्रेसी प्रतापपुरा चौराहा पर ही धरने पर बैठ गए।

प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसी सुबह 11 बजे प्रतापपुरा चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर एकत्र हुए। उन्होंने महंगाई के खिलाफ तांगा और रिक्शा रैली निकालकर विरोध जताया। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन को कलक्ट्रेट के लिए कूच करते कांग्रेसियों को पुलिस-प्रशासन ने प्रतापपुरा चौराहा स्थित पेट्रोल पंप से अागे नहीं बढ़ने दिया और वहीं रोक दिया। इस पर कांग्रेसी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। धरना स्थल पर कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई, घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल के मूल्य में की गई वृद्धि को अविलंब वापस लेने की मांग की। राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन एसीएम चतुर्थ विनोद कुमार को सौंपा गया।

जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने कहा कि महंगाई आरएसएस और भाजपा नेताओं की भौजाई बन गई है। खाद्य पदार्थों के दाम सुरसा के मुंह की तरह बढ़ते जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने जमाखोरी व कालाबाजारी से निबटने वाले कानून की धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम को समाप्त कर उद्योगपतियाें को जनता को लूटने का खुला लाइसेंस दे दिया है। पार्टी जनविरोधी सरकार के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करेगी। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आम जनता को धर्म, हिंदू-मुस्लिम, नकली राष्ट्रवाद की अफीम का नशा पिलाकर लूटने में लगी है। जनता से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई को सरकार के पास समय नहीं है।जनता को हिन्दू-मुस्लिम, नकली राष्ट्रवाद जैसे मुद्दों से कुछ लेना-देना नहीं है। जनता को सिर्फ सुरसा की भांति बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी से छुटकारा चाहिए, जिसमें कि केंद्र व प्रदेश सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई हैं।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से कांग्रेस के पश्चिमी उप्र व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन विनोद बंसल, अशोक शर्मा, डाॅ. मधुरिमा शर्मा, यशपाल राणा, अजहर वारसी, गौरव शर्मा, विलाल अहमद, मुन्नालाल वर्मा, हारून रशीद कुरैशी, नंदलाल भारती, सीएम पाराशर, विनोद जरारी, हेमंत चाहर, गीता सिंह, आइडी श्रीवास्तव, शिल्पा दीक्षित, रामप्रकाश बघेल, अनिल शर्मा, संतोष चौधरी, तरुण सागर, रजनीश मेहता, कपूरचंद रावत, प्रदीप जैन सीए, सलीम उस्मानी, अदनान कुरैशी आदि प्रदर्शन में शामिल हुए।

टिप्पणियाँ