रामपुर (स्वार) नगर के बाजारों में प्याऊ लगवाने की रखी मांग

रोडवेज बसों के स्टॉप नहीं होने की समस्या से राष्ट्रीय अध्यक्ष को कराया अवगत

राहुल मौर्य

रामपुर (स्वार)। उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से भेंट कर नगर के व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों की समस्याओं को देख उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही समस्याओं के समाधान कराने का आश्वासन दिया है। 

व्यापारियों की समस्याओं पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से की वार्ता, जल्द ही समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

गौरतलब हो कि क्षेत्र के उपनगर मसवासी में उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की इकाई का गठन होने के बाद नगर के व्यापारियों ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष को समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने समस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि नगर के मुख्य बाजारों में पानी  के प्याऊ की बहुत आवश्यक है। प्याऊ के आभाव में व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही नगर की सीमा से होकर गुजरने वाली रोडवेज बसों के नहीं रुकने से व्यापारियों को यातायात में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। 

नगर के व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नवनियुक्त नगर अध्यक्ष प्रकाश गुप्ता ने उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी से भेंट कर व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। नगर अध्यक्ष प्रकाश गुप्ता ने  नगर में दो प्याऊ लगवाने के साथ ही रोडवेज बसों से स्टॉप के लिए मांग करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष को मांग पत्र सौपा। 

व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उधोग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने प्याऊ की समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष हरिओम मौर्य से नगर की बाजारों में प्याऊ की व्यवस्था कराने के लिए तत्काल वार्ता की। जिसपर नगर पंचायत अध्यक्ष हरिओम मौर्य ने जल्द ही बाजारों में प्याऊ लगवाने का आश्वासन दिया है। वहीँ रोडवेज बसों के ठहरने के लिए भी विभागीय अधिकारियों से वार्ता की। उधोग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष प्रकाश गुप्ता को आश्वासन दिया कि जल्द ही नगर की सीमा से गुजरने वाली रोडवेज बसों के नगर में ठहरने की व्यवस्था सुचारू करा दी जाएगी।

टिप्पणियाँ