नगर निगम जोन-8 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संदिग्ध....

लखनऊ | नगर निगम लखनऊ जोन-8 क्षेत्रांतर्गत स्थित भवनों के कर निर्धारण में गड़बड़ियों की निरन्तर शिकायते प्राप्त होने पर नगर आयुक्त द्वारा जाँच के आदेश दिये गये थे। आदेश के क्रम में अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी एवं मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह द्वारा संयुक्त रूप से जाँच की गयी। जाँच में जोन-8 की 180 पत्रावलियों को प्राप्त करते हुए परीक्षण किया गया तथा रैन्डम रूप से लगभग 70 पत्रावली की जाँच एवं मौके पर भी कतिपय भवनों की जाँच की गयी। उपरोक्त जाँच कार्यवाही के दौरान भवनों के कर निर्धारण में विभिन्न प्रकार की अनियमतिताएं पायी गयी एवं प्रकरण में प्रथम दृष्टतया कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर लिपिक, वार्ड लिपिक दोषी पाये गये। जाँच में यह तथ्य भी संज्ञान में लाया गया कि कर अधीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक द्वारा बिना किसी अभिलेखीय आधार, बिना नोटिस जारी किए नियमों के विपरीत वार्षिक मूल्य अत्यंत अधिक कर भवन स्वामी का उत्पीड़न किया गया तत्पश्चात आपत्ति प्राप्त कर आगणन अत्यंत कम कर दिया गया। कतिपय भवनों के पत्रावली पर अंकित वार्षिक मूल्य को कम्प्यूटर पर अधिक कर दिया गया जिसमें विवाद करते हुए वार्ड लिपिक द्वारा जोनल अधिकारी को प्रेषित आख्या को मोबाइल पर विभिन्न गु्रप में भेजा गया जिससे कार्यालय की गोपनीयता भी भंग हुई। इसके साथ ही वार्ड लिपिक एवं राजस्व निरीक्षक के मध्य वार्ता की आॅडियो को भी विभिन्न व्यक्तियों को भेजा गया जो उच्चाधिकारियों को प्राप्त हुई। आॅडियों में प्रश्नगत प्रकरण के संबंध में अत्यंत विवादित, कार्यालय विरोधी एवं आपत्तिजनक बातचीत की गयी जो कि कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत है। उपरोक्त जाँच कार्यवाही का संज्ञान लेते हुए जोन-8 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका, कार्य के प्रति लापरवाही तथा कर्मचारी आचरण व नियमो के विपरीत कार्य करने पर नगर आयुक्त द्वारा निम्नलिखित कार्यवाही के निर्देश निर्गत किये गये:- 1. जोन-8 के कर अधीक्षक सुनील त्रिपाठी को जोन-7 स्थानान्तरित करते हुए विभागीय जाँच एवं कार्यवाही। 2. जोन-8 के राजस्व निरीक्षक (श्रेणी-1) राहुल यादव को जोन-7 स्थानान्तरित कर इनके विरुद्ध विभागीय जाँच एवं कार्यवाही। 3. जोन-8 के राजस्व निरीक्षक (श्रेणी-2) इमरान अहमद को जोन-3 स्थानान्तरित कर इनके विरुद्ध विभागीय जाँच एवं कार्यवाही। 4. जोन-8 लिपिक हिमांशु श्रीवास्तव को जोन-1 स्थानान्तरित कर इनके विरुद्ध विभागीय जाँच एवं कार्यवाही। 5. जोन-8 लिपिक आशीष शर्मा को जोन-2 स्थानान्तरित कर इनके विरुद्ध विभागीय जाँच एवं कार्यवाही। 6. सम्बन्धित जोनल अधिकारी, जोन-8 को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिये गये। 7. जोन-4 में वर्तमान में तैनात जोनल अधिकारी जो कि तत्समय जोन-8 में तैनात रहे थे, उनका स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिये गये।


टिप्पणियाँ