आज देश तेजी से आगे बढ़ रहा..गृह मंत्री

सर्वोत्तम राज्य बनाने का विश्वास जनता के मन में जगाया : गृह मंत्री


केन्द्रीय गृह मंत्री ने 65,000 करोड़ रु0 लागत की250 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया..
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को देश का सर्वोत्तम राज्य बनाने का विश्वास जनता के मन में जगाया...  


विशेष संवाददाता 


लखनऊ| केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री  ने उत्तर प्रदेश को देश का सर्वोत्तम राज्य बनाने का विश्वास जनता के मन में जगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल गयी है और बड़े पैमाने पर यहां पूंजी निवेश सम्भव हो रहा है। प्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन तो हुआ ही, साथ ही इसके 5 महीने के अन्दर 60,000 करोड़ रुपये की लागत की 81 परियोजनाओं का शिलान्यास (जी0बी0सी0-1) भी पिछले वर्ष जुलाई माह में किया गया। उन्होंने कहा कि आज 65,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 250 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास (ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2) करते हुए उन्हें अपार हर्ष हो रहा है।


गृह मंत्री  यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2014 से 2019 के बीच देश को 5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने की नींव रखी जा चुकी है। अब उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनने के पथ पर अग्रसर है।


आज की जी0बी0सी0-2 इस बात की द्योतक है। केन्द्र सरकार उत्तर प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।  वित्त आयोग के तहत उत्तर प्रदेश का आवंटन 3 लाख 30 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 8 लाख 80 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।फरवरी, 2018 में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में जब उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, तब यहां पर एक नयी शुरुआत हुई। राज्य में नये सिरे से निवेश के क्षेत्र में कार्य शुरू हुआ। में उत्तर प्रदेश को कम समय में योजनाओं को साकार करने में सफलता मिली है। इससे विकास में तेजी आयी है।


केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है। पिछले 5 सालों में उनके प्रयासों से आज देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान से 5वें स्थान पर आ गयी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अगले 5 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की तीसरे नम्बर की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। पिछले 5 साल के अन्दर विश्व बैंक की 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की तालिका में देश 142वें स्थान से 77वें स्थान पर पहुंच गया है। इसी प्रकार, जहां बिजली उत्पादन में देश 99वें स्थान पर था अब 26वें स्थान पर आ गया है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार के चलते अब उद्यमी आश्वस्त महसूस कर रहे हैं, जिसके कारण आज इतना बड़ा निवेश सम्भव हो रहा है। राज्य सरकार उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित कर रही है।


'निवेश मित्र की स्थापना से उद्यमियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा हैअब तक 21 सेक्टोरल पॉलिसीज़ बन चुकी हैं। राज्य सरकार को बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव मिले, जिसका निस्तारण किया गया है। अवस्थापना विकास के सन्दर्भ में उत्तर प्रदेश आज देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट की स्थापना के उपरान्त प्रदेश के उद्योग नई उड़ान भरेंगे। कार्यक्रम को सुप्रसिद्ध उद्यमियों टाटा सन्स के अध्यक्ष एन0 चन्द्र शेखरन, सैमसंग इण्डिया के सी0ई0ओ0 एच0सी0 हांग, फिक्की चेयरमैन संदीप सोमानी, टॉरेण्ट ग्रुप के अध्यक्ष  सुधीर मेहता, अडानी ग्रुप के अध्यक्ष  गौतम अडानी, पेप्सिको के सी0ई0ओ0 अहमद अल-शेख इत्यादि ने भी सम्बोधित किया।


कार्यक्रम के अन्त में मुख्य सचिव डॉ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश चहुंमुखी विकास के लिए तत्पर है। इससे पूर्व, कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी द्वारा जी0बी0सी0-2 के तहत 65,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 250 से अधिक परियोजनाओं का डिजिटल उद्घाटन भी किया गया।


इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं डॉ0 दिनेश शर्मा सहित उत्तर प्रदेश मंत्रिमण्डल के मंत्रिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में उद्यमी, निवेशक तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।



टिप्पणियाँ